PUNJAB DESK : पंजाब के होशियारपुर में कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। केंद्रीय एजेंसी की टीम तड़के करीब 5 बजे उनके घर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान भी तैनात रहे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अधिकारी तीन से चार गाड़ियों में अरोड़ा के आवास पर पहुंचे थे। टीम ने घर के परिसर को घेरकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुंदर शाम अरोड़ा भी अपने आवास पर मौजूद थे।
ED ने मांगे दस्तावेज, कार्रवाई का कारण स्पष्ट नहीं
सुंदर शाम अरोड़ा के वकील एडवोकेट एचएस सैनी ने बताया कि उनकी जांच टीम के अधिकारियों से बातचीत हुई है। उनके अनुसार, अधिकारी चंडीगढ़ स्थित ED कार्यालय से आए थे और उन्होंने कुछ दस्तावेज मांगे हैं। वकील के मुताबिक, अधिकारियों ने फिलहाल तलाशी अभियान के उद्देश्य या मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। खबर लिखे जाने तक ED की ओर से भी कार्रवाई के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था
पहले भी आयकर विभाग कर चुका है जांच
गौरतलब है कि इससे पहले आयकर विभाग की टीम भी सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर तलाशी अभियान चला चुकी है। पिछली कार्रवाई करीब 62 घंटे तक चली थी। उस समय अरोड़ा ने दावा किया था कि आयकर विभाग की जांच उनके बेटे के प्रॉपर्टी कारोबार से संबंधित थी और तलाशी में कोई गैरकानूनी सामग्री नहीं मिली थी। फिलहाल होशियारपुर में ED की इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है। जांच किस मामले से संबंधित है और आगे क्या कार्रवाई होगी, इसकी तस्वीर एजेंसी की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









