नशामुक्ति का संदेश देंगे पंजाब पुलिस के बाइकर्स
PUNJAB DESK : राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजाब पुलिस ने राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में भागीदारी की है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) एम.एफ. फारूकी ने जालंधर स्थित पीएपी कॉम्प्लेक्स से पंजाब पुलिस के मोटरसाइकिल सवारों के दस्ते को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस राष्ट्रीय पहल में देश के विभिन्न राज्यों के मोटरसाइकिल सवार शामिल होंगे। रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव का संदेश लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं को नशों से दूर रहने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।
पंजाब पुलिस के 10 मोटरसाइकिल सवार लेंगे हिस्सा
एडीजीपी एम.एफ. फारूकी ने बताया कि पंजाब पुलिस का प्रतिनिधित्व करने के लिए 10 मोटरसाइकिलों का दस्ता रवाना किया गया है। इस टीम के साथ सहायक कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पंजाब पुलिस की टीम 21 अक्टूबर को नई दिल्ली पहुंचेगी, जहां देश के अन्य हिस्सों से आए मोटरसाइकिल सवार भी इसमें शामिल होंगे। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर की रैली को रवाना किया जाएगा। यह रैली 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम और परेड में हिस्सा लेगी।
यात्रा के दौरान नशों के खिलाफ चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
इस रैली का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय एकता का संदेश देना ही नहीं, बल्कि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना भी है। यात्रा के दौरान पंजाब पुलिस के बाइकर्स स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर रुककर लोगों से बातचीत करेंगे। इस दौरान विशेष रूप से युवाओं को नशों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एडीजीपी फारूकी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार अपने साथ शैक्षिक और प्रेरणादायक सामग्री भी लेकर जाएंगे, जिसके माध्यम से नशामुक्त जीवन के महत्व को समझाया जाएगा।
युवाओं को सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
इस पहल के जरिए देश के युवाओं को आपस में जोड़ने, उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करने और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। पंजाब पुलिस की यह भागीदारी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता को एक साथ आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अभियान के माध्यम से युवाओं को नशों से दूर रहकर समाज और देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।









