कपिल शर्मा ने सैफ अली खान की फैमिली पर किया मजेदार कमेंट

करीना कपूर के जवाब से छूट गई सबकी हंसी

ENTERTAINMENT DESK : कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो द ग्रेट इंडियन कपिल शो के सीजन 5 में बॉलीवुड के चर्चित कपल करीना कपूर खान और सैफ अली खान एक साथ नजर आने वाले हैं। शो के नए प्रोमो में दोनों की मजेदार बातचीत देखने को मिली, जिसमें कपिल शर्मा ने सैफ के बच्चों को लेकर ऐसा मजाक किया कि करीना के जवाब ने सभी को हंसने पर मजबूर कर दिया।

कपिल ने सैफ के बच्चों को लेकर ली चुटकी

प्रोमो में कपिल शर्मा सैफ अली खान की निजी जिंदगी पर मजाक करते दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि सैफ के बच्चे हर दशक में हुए हैं। इस पर करीना कपूर भी बातचीत में शामिल हो गईं और उन्होंने सैफ से मजाकिया अंदाज में पूछा कि अब आगे क्या प्लान है। इस दौरान शो में मौजूद अर्चना पूरन सिंह ने भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वे जल्द ही एक और दशक में प्रवेश करने वाले हैं। करीना ने इस पर हंसते हुए जवाब दिया कि नया दशक तो आएगा, लेकिन उनके साथ नहीं। करीना का यह जवाब सुनकर सैफ अली खान शर्माते हुए नजर आए, जबकि कपिल और बाकी कलाकार हंस पड़े।

शादी के प्रपोजल को लेकर भी हुआ खुलासा

शो के प्रोमो में करीना ने अपनी शादी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि सैफ ने उन्हें मुंबई, ग्रीस और पेरिस में शादी के लिए प्रपोज किया था। करीना ने आखिरकार तीसरी बार प्रपोजल मिलने के बाद हामी भरी। सैफ ने इस बात पर मजाक करते हुए कहा कि अगर करीना ने मुंबई में ही हां कर दी होती, तो उनके काफी पैसे बच जाते। दोनों की बातचीत ने शो के माहौल को और भी मजेदार बना दिया।

पहली बार शो में साथ दिखाई देंगे करीना और सैफ

करीना कपूर और सैफ अली खान पहले अलग-अलग मौकों पर कपिल शर्मा के शो में नजर आ चुके हैं, लेकिन इस बार दोनों पहली बार एक साथ शो के मंच पर दिखाई देंगे। उनके प्रोमो को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है।द ग्रेट इंडियन कपिल शो का पांचवां सीजन नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रहा है। करीना और सैफ की जोड़ी के आने वाले एपिसोड में दर्शकों को निजी जिंदगी के किस्सों, मजेदार जवाबों और हल्की-फुल्की नोकझोंक का मनोरंजन देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *