जालंधर में गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए दीपक बाली, राजविंदर कौर थियाड़ा को लेकर कही यह बात

PUNJAB DESK : आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद दीपक बाली जालंधर पहुंचे। यहां उन्होंने कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के साथ मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने पार्टी की ओर से सौंपी गई नई जिम्मेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि वह संगठन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

पार्टी ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

मीडिया से बातचीत में दीपक बाली ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए अहम जिम्मेदारी दी है। वह पार्टी के कार्यकर्ता और समाज का हिस्सा हैं, इसलिए लोगों के हित में काम करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट हलके के विकास और पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए वह पूरी मेहनत करेंगे।

परगट सिंह को लेकर भी दिया जवाब

पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह के संदर्भ में चुनावी सवाल पूछे जाने पर दीपक बाली ने शायराना अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी बात का डर नहीं है। बाली ने आम आदमी पार्टी की ओर से किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए बिजली की 600 यूनिट तक मुफ्त सुविधा, 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना, महिलाओं के लिए मावां-धीयां योजना, युवाओं को रोजगार और शिक्षा से जुड़ी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की योजनाएं धर्म और जाति के भेदभाव से ऊपर उठकर लोगों के लिए बनाई गई हैं।

2027 में 100 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा

दीपक बाली ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में 100 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पहले विधानसभा चुनाव में 92 सीटें हासिल कर चुकी है और कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर सेवा करते रहेंगे।

थियाड़ा से खुद मिलने जाएंगे बाली

राजविंदर कौर थियाड़ा को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी से हटाए जाने के बाद उनके साथ तालमेल को लेकर पूछे गए सवाल पर बाली ने कहा कि वह खुद थियाड़ा से मिलने जाएंगे और उनके साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने खुद को पार्टी का सेवादार बताते हुए कहा कि संगठन जो भी जिम्मेदारी देगा, वह उसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पार्टी उन्हें रांची से चुनाव लड़ने के लिए कहती है, तो वह वहां जाने के लिए भी तैयार रहेंगे।

परविंदर सिंह झोटा की मौत पर जताया दुख

परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले पर दीपक बाली ने दुख जताया। मामले को लेकर विपक्ष की ओर से की जा रही राजनीति पर निशाना साधते हुए उन्होंने तीखी टिप्पणी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *