पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाओं और गरज-चमक का अलर्ट

PUNJAB DESK : पंजाब के कई हिस्सों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। पठानकोट में सुबह के समय तेज बारिश हुई, जबकि कई अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए रहे और बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिला। मौसम में आए बदलाव के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना जताई है। लोगों को बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में खराब मौसम का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

चंडीगढ़ में भी बारिश और तेज हवाएं

पंजाब के साथ चंडीगढ़ में भी मौसम का असर देखने को मिला। यहां गरज-चमक और बिजली की चमक के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण मौसम में ठंडक महसूस की जा सकती है और तापमान में भी बदलाव की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण बदला मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने के कारण पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव आया है। इसके प्रभाव से कई इलाकों में बादल छाए रहने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *