PUNJAB DESK : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 27 और 28 सितंबर की रात हुए हिंसक प्रदर्शन और पुलिस के साथ हुई झड़प के मामले में पुलिस ने राजस्थान और बिहार से दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी LPU के छात्र बताए जा रहे हैं। राजस्थान से पकड़े गए छात्र की पहचान योगेश अपूर्व के रूप में हुई है, जबकि बिहार से गिरफ्तार छात्र आदित्य कुमार है। राजस्थान के छात्र योगेश अपूर्व को पुलिस ने फगवाड़ा की अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं, बिहार के आदित्य कुमार से भी मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों गगन, जेम्स दहिया और अभि का पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। इनसे रिमांड के दौरान हुई पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज की है। गौरतलब है कि 27 और 28 सितंबर की रात LPU में प्रदर्शन के दौरान स्थिति हिंसक हो गई थी और प्रदर्शनकारियों तथा पुलिस के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान पुलिस के छह वाहनों को आग के हवाले किए जाने की बात सामने आई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में हिंसा में कथित रूप से शामिल कई छात्रों की पहचान की जा चुकी है। इस पूरे मामले में अब तक चार एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें एक एफआईआर छात्रा के साथ कथित गलत हरकत, दूसरी लूटपाट और तोड़फोड़, तीसरी हाईवे जाम करने और चौथी सरकारी वाहनों में आग लगाने से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, अब तक मामले में 21 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से 11 की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में 9 LPU के छात्र बताए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई कर रही है।









