PUNJAB DESK : जालंधर नगर निगम में कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध तेज हो गया है। यूनियन के एक गुट ने 15 मांगों को लेकर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया और प्रशासन से लंबित मामलों को जल्द सुलझाने की मांग की। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को हड़ताल तक ले जाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने निगम के नए शामिल ग्रामीण इलाकों में सफाई कर्मियों और सुपरवाइजरों की पर्याप्त तैनाती न होने का मुद्दा उठाया। वरियाणा डंप पर सुपरवाइजर की नियुक्ति और वार्डों में सुपरवाइजरों की व्यवस्था सुधारने की मांग भी प्रमुख रही। यूनियन ने कहा कि एक ही वार्ड में दो सैनिटरी सुपरवाइजर तैनात करने की व्यवस्था बंद की जाए।
कर्मचारियों ने CDC चार्ज खत्म करने, स्वास्थ्य शाखा में नियमित बिल क्लर्क नियुक्त करने और कर्मचारियों का सर्विस रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की। साथ ही टाइप टेस्ट उत्तीर्ण सेवादारों को पदोन्नति देने तथा डेपुटेशन पर चल रहे ड्राइवरों को प्रमोट करने का मुद्दा भी उठाया गया। नगर निगम की मशीनरी को लेकर यूनियन ने संचालन संबंधी नियम निर्धारित करने की मांग की। उनके मुताबिक सरकारी मशीनों का जिम्मा केवल स्थायी ड्राइवरों को सौंपा जाना चाहिए।
भर्ती के मुद्दे पर कर्मचारियों ने 1196 पदों पर नियमित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की मांग रखी। इसके साथ ही दर्जा-3 और दर्जा-4 कर्मियों को इनसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने की बात कही। धरने के दौरान कर्मचारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यूनियन पदाधिकारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर हड़ताल करने और मुख्यमंत्री के जालंधर दौरे के समय उनकी कोठी के बाहर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।









