PUNJAB DESK : जालंधर जिले में फिल्लौर-नूरमहल रोड पर स्थित गांव रविदासपुरा में श्री गुरु रविदास मंदिर के सामने एक युवक का शव मिलने से इलाके में चर्चा का माहौल है। शव आज सुबह करीब 8 बजे मिला। युवक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है।
मौके से मिली जानकारी के अनुसार, युवक को बीते दिन एक अन्य व्यक्ति के साथ इलाके में घूमते हुए देखा गया था। बताया जा रहा है कि बाद में उसका साथी उसे वहीं छोड़कर चला गया। इसके बाद युवक रात के समय उसी स्थान पर सोया रहा। आसपास के लोगों को लगा कि वह आराम कर रहा है, इसलिए किसी ने उसे जगाने की कोशिश नहीं की।
आज सुबह जब युवक काफी देर तक नहीं उठा, तो स्थानीय लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया। उसके शरीर में कोई हलचल दिखाई नहीं देने पर लोगों ने थाना फिल्लौर की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक नंगल में अपनी मां के साथ किराये के मकान में रहता था।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल फिल्लौर की मोर्चरी में रखवा दिया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। मौत की असली वजह का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।









