PUNJAB DESK : पंजाब के फिल्लौर में नेशनल हाईवे पर इंडो-कैनेडियन बस और ऑल्टो कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार को भी काफी नुकसान पहुंचा। जानकारी के मुताबिक, हादसा गांव खैरा के पास डीएस ढाबे के नजदीक हुआ। एक राहगीर ने सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम को दुर्घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सरकारी वाहन से सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया। घायलों में से एक व्यक्ति की हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
दिल्ली से पठानकोट जा रहे थे कार सवार
कार में सवार लोगों के अनुसार, वे दिल्ली में निरंकारी सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पठानकोट जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही इंडो-कैनेडियन बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी। वहीं, बस चालक ने अपनी ओर से बताया कि कार सड़क के किनारे चल रही थी और अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण बस कार के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे के कारणों को लेकर दोनों पक्षों के बयान सामने आए हैं।
एसएसएफ ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार को नेशनल हाईवे कर्मियों की मदद से सड़क से हटाकर किनारे किया गया। मौके पर सुरक्षा कोन लगाए गए, ताकि यातायात प्रभावित न हो और अन्य वाहन सुरक्षित रूप से गुजर सकें।
कार से मिले जरूरी दस्तावेज और सामान
क्षतिग्रस्त कार से नौ बैग बरामद हुए, जिनमें यात्रियों के कपड़े थे। इसके अलावा एक पर्स में 910 रुपये नकद और कार चालक के जरूरी दस्तावेज मिले। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, वाहन की आरसी और एटीएम कार्ड शामिल थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बरामद सामान यात्रियों के परिचित सत्संगी भाई राजिंदर से संबंधित बताया गया है। इस संबंध में आगे की जानकारी उपलब्ध नहीं है।









