रायकोट के गुरुद्वारा मंजी साहिब में तड़के गोलीबारी, दो नकाबपोशों की तलाश में जुटी पुलिस

PUNJAB DESK : पंजाब के लुधियाना जिले के रायकोट इलाके में स्थित गांव राजोवन कलां के गुरुद्वारा मंजी साहिब में बुधवार तड़के गोली चलने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे दो नकाबपोश व्यक्ति गुरुद्वारा परिसर में दाखिल हुए और एक कमरे को निशाना बनाकर कई गोलियां चलाईं। वारदात के बाद दोनों वहां से फरार हो गए।

कमरे के दरवाजे और दीवार पर मिले निशान

गोलीबारी के दौरान कमरे के दरवाजे और दीवार पर गोलियां लगीं। एक गोली दरवाजे में लगे शीशे को पार कर गई। घटना के समय परिसर में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बताया गया है कि बाबा बलदेव सिंह भी उस समय कमरे में मौजूद नहीं थे। वह अपनी नियमित दिनचर्या के तहत स्नान करने के लिए गए हुए थे। उनकी गैरमौजूदगी के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाए सबूत

घटना की जानकारी मिलते ही थाना सुधार की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले से जुड़े सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। थाना सुधार के एसएचओ राजवरिंदरपाल सिंह के मुताबिक, पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए गुरुद्वारा परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।

फायरिंग के पीछे की वजह अभी साफ नहीं

घटना के बाद इलाके में चिंता और रोष का माहौल है। धार्मिक स्थल में गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस ने घटना के पीछे के मकसद को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। दोनों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *