परविंदर सिंह मामले झोटा : आरोपी अश्विनी कुमार की पत्नी नीलम रानी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

PUNJAB DESK : पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार की पत्नी नीलम रानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी को फरार होने में मदद करने के आरोपों की जांच की जा रही है।

हत्या के बाद आरोपी की मदद करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, नीलम रानी पर आरोप है कि उसने वारदात के बाद अपने पति अश्विनी कुमार को फरार होने में मदद की। मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस अब मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि जिस मेडिकल स्टोर पर परविंदर सिंह झोटा को गोली मारी गई, उसका फार्मेसी लाइसेंस नीलम रानी के नाम पर था।

अश्विनी कुमार और उसके साथी से भी पूछताछ

इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार और उसके साथी विपिन कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों को अदालत ने सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस के अनुसार, अश्विनी को राजस्थान के सालासर से पकड़ा गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किन लोगों की भूमिका रही और आरोपी को हथियार कैसे मिला। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है।

फेसबुक लाइव के दौरान मारी गई थी गोली

परविंदर सिंह झोटा को 13 अक्टूबर को मानसा के एक मेडिकल स्टोर के अंदर गोली मार दी गई थी। वह नशे के खिलाफ आवाज उठाने और नशीली दवाओं की कथित अवैध बिक्री का विरोध करने के लिए जाने जाते थे। घटना के समय वह फेसबुक लाइव कर रहे थे। हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। परिवार ने इंसाफ मिलने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही थी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *