PUNJAB DESK : परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनके परिवार में खुशी की लहर है। कांग्रेस हाईकमान के इस फैसले की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्थानीय कांग्रेस नेता और समर्थक परगट सिंह के घर पहुंचे, जहां ढोल बजाकर, लड्डू बांटकर और एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर खुशी मनाई गई। परगट सिंह के परिवार के लिए यह खुशी उस समय और भी खास हो गई, जब घर में पोते के जन्म के तुरंत बाद उन्हें पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की खबर मिली। परिवार के अनुसार, यह उनके लिए दोहरी खुशी का मौका है। परिवार ने बताया कि इससे पहले जब परगट सिंह के घर पहले पोते का जन्म हुआ था, उस समय वह विधायक बने थे। अब दूसरे पोते के जन्म के बाद उन्हें पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। परिवार ने इस संयोग को खुशी और नई उपलब्धियों से जुड़ा बताया।
पत्नी ने फोन पर की नियुक्ति की पुष्टि
परगट सिंह की पत्नी ने भी इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि उन्हें किसी का फोन आया था, जिसके जरिए उन्हें परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनाए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने खुद परगट सिंह को फोन कर इस खबर की पुष्टि की। उनके मुताबिक, परगट सिंह ने फोन पर बताया कि कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। पत्नी ने कहा कि इस नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने कई चुनौतियां भी होंगी।
2027 के चुनाव में पति के साथ खड़ी रहेंगी पत्नी
परगट सिंह की पत्नी ने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पहले की तरह परगट सिंह के साथ खड़ी रहेंगी और चुनाव प्रचार में भी उनका पूरा सहयोग करेंगी। फिलहाल, परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया प्रधान बनाए जाने के बाद उनके घर पर जश्न का माहौल है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं और समर्थकों की ओर से उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।









