भतीजे की मौ/त से टूटे हनी सिंह, दुबई से जालंधर पहुंचकर भाई को गले लगाते हुए छलके आंसू

PUNJAB DESK : पंजाबी और बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह अपने भतीजे विदित औलख की सड़क हादसे में हुई मौत से गहरे सदमे में हैं। परिवार के इस मुश्किल समय में हनी सिंह दुबई से जालंधर पहुंचे। यहां अपने भाई और विदित के पिता दिनेश औलख को गले लगाते हुए वह खुद को संभाल नहीं पाए और भावुक होकर रो पड़े। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है

भाई को गले लगाकर फूट-फूटकर रोए हनी सिंह

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हनी सिंह अपनी कार से उतरकर सीधे दिनेश औलख की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। वह अपने भाई को गले लगा लेते हैं और इस दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं। दिनेश औलख उन्हें संभालते हुए घर के अंदर ले जाते हैं। इस दुखद घटना के बाद हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर भी अपना दर्द जाहिर किया। उन्होंने अपने भतीजों के साथ बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए विदित को श्रद्धांजलि दी और लिखा, “RIP Puttar”। इससे पहले भी उन्होंने एक भावुक संदेश में भतीजे को खोने के दर्द को बयां किया था।

जालंधर में सड़क हादसे में गई थी दो युवकों की जान

यह हादसा 1 नवंबर की सुबह करीब 3 बजे जालंधर में पुलिस लाइंस के पास फ्लाईओवर पर हुआ था। जानकारी के मुताबिक, विदित औलख अपने दोस्त आरव तलवार के साथ एक जन्मदिन की पार्टी से कार में घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार विदित और आरव की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में तीन अन्य युवक भी मौजूद थे, जो इस हादसे में बच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।

स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे थे विदित

विदित औलख, पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे थे। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है। हादसे के बाद कई कलाकार और मनोरंजन जगत से जुड़े लोग औलख परिवार के घर पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर चुके हैं। इस दुखद घटना ने हनी सिंह और उनके परिवार को गहरा सदमा दिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में परिवार के दर्द और अपनों को खोने की पीड़ा साफ दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *