PUNJAB DESK : पंजाब के लुधियाना में काकोवाल रोड स्थित गगनदीप कॉलोनी में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि एक पुलिस कांस्टेबल ने अपने दोस्त के साथ हुए निजी विवाद के दौरान सरकारी AK-47 राइफल से चार गोलियां हवा में चला दीं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिसकर्मी की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह एक स्थानीय एक्टिविस्ट के साथ सरकारी गनमैन के तौर पर तैनात बताया जा रहा है। उसके साथ मौजूद दोस्त की पहचान वरुण कुमार के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है l
दोस्त की पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, लवप्रीत सिंह अपने दोस्त वरुण कुमार के साथ गगनदीप कॉलोनी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वरुण कुमार और इलाके में रहने वाले राज कुमार के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बहस बढ़ने के बाद लवप्रीत सिंह अपनी कार की ओर गया और उसमें रखी सरकारी AK-47 राइफल निकाल लाया। इसके बाद उसने कथित तौर पर हवा में लगातार चार फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।
लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, फायरिंग की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कांस्टेबल और उसके दोस्त को घेर लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मौके पर मौजूद लोगों ने AK-47 को गाड़ी के अंदर रख दिया, ताकि उसका दोबारा इस्तेमाल न हो सके।
पुलिस ने शुरू की विभागीय कार्रवाई
मामले की पुष्टि करते हुए ADCP (ऑपरेशन) संदीप वढेरा ने बताया कि पुलिसकर्मी द्वारा अपने सरकारी हथियार का इस्तेमाल कर हवाई फायरिंग किए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पुलिसकर्मी को सरकारी पद या हथियार का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं है। पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल लवप्रीत सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना ने पुलिसकर्मियों के सरकारी हथियारों के इस्तेमाल और उनकी जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।









