PUNJAB DESK : पंजाब के लुधियाना में घरेलू विवाद और पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। यह वारदात शहर के विकास नगर इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति रविंदर सिंह ने अपनी 49 वर्षीय पत्नी कमलदीप कौर पर रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से कई वार किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बेटे को दूध लेने भेजकर की वारदात
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम आरोपी ने अपने बेटे गुरदीप सिंह को बाजार से दूध लाने के लिए घर से बाहर भेज दिया। जब बेटा वापस लौटा तो उसने पिता को घर से बाहर निकलते देखा। पूछने पर पिता ने उसे अंदर जाकर देखने के लिए कहा। घर के अंदर पहुंचने पर बेटे ने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पाया। उसके शरीर पर चाकू से कई वार के निशान थे। बेटे ने शोर मचाया और पड़ोसियों की मदद से मां को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी पर शक को बताया जा रहा हत्या की वजह
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बताया गया है कि दंपती पिछले कुछ समय से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे थे, जहां उनका छोटा बेटा रहता है। कमलदीप कौर करीब चार महीने पहले भारत लौट आई थीं, जबकि रविंदर सिंह 29 अक्टूबर को वापस लुधियाना आया था। हत्या की घटना उसके लौटने के दो दिन बाद हुई।
वारदात के बाद चाकू धोकर रखने का आरोप
बेटे ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि हत्या के बाद उसके पिता ने चाकू को धोकर वापस रसोई में रख दिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए रसोई के चाकू को कब्जे में ले लिया है। जांच अधिकारी के मुताबिक, महिला के पेट और गर्दन पर भी चोटों के निशान मिले हैं।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
दुगरी थाना पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी या नहीं।









